कबीरधाम जिले में डायल 112 का नेक्स्ट फेस लागू — सभी 16 ERV टीमों को मिला मोबाइल उपकरण और विशेष प्रशिक्षण
कबीरधाम जिले में डायल 112 सेवा को और आधुनिक बनाया गया है। सभी 16 ERV टीमों को मोबाइल उपकरण दिए गए और विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। नई तकनीक से पुलिस का रिस्पॉन्स और अधिक तेज़ एवं सटीक होगा।
कबीरधाम। जिले में आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा डायल 112 अब और अधिक आधुनिक और प्रभावी हो गई है। 27 अगस्त 2025 को पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में डायल 112 के नेक्स्ट फेस (DCC Dial 112) की शुरुआत की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कबीरधाम में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में C-DAC रायपुर से प्राप्त 16 मोबाइल उपकरण जिले की सभी इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) टीमों को वितरित किए गए। इन उपकरणों से प्रत्येक टीम कॉल रिसीव करते ही घटनास्थल की लोकेशन तुरंत ट्रैक कर सकेगी, तेजी से मौके पर पहुंचेगी और वास्तविक समय पर स्थिति का अपडेट उपलब्ध कराएगी।
प्रशिक्षण सत्र में डायल 112 कर्मियों को नए सिस्टम की कार्यप्रणाली, आधुनिक संचार तकनीक, रिस्पॉन्स टाइम कम करने के उपाय और फील्ड समन्वय को और मजबूत बनाने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डायल 112 एएसपी पुष्पेंद्र बघेल के मार्गदर्शन और एएसआई जितेन्द्र सिंह चंदेल (प्रभारी DCC डायल 112, कबीरधाम) के नेतृत्व में किया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि डायल 112 सेवा जिले के नागरिकों के लिए जीवन रक्षक साबित हो रही है। सड़क दुर्घटनाओं, झगड़ा-मारपीट, महिला एवं बाल सुरक्षा या अन्य आपात स्थितियों में डायल 112 टीमें तुरंत पहुंचकर राहत मुहैया करा रही हैं। नए तकनीकी उपकरणों से यह सेवा अब और भी तेज़, सटीक और प्रभावी होगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल ने बताया कि जिले की सभी ERV टीमें 24×7 अलर्ट मोड में कार्यरत हैं और यह तकनीकी अपडेट पुलिस कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने के साथ-साथ रिस्पॉन्स टाइम को भी काफी कम करेगा।
