दुर्ग पुलिस की बड़ी सफलता: मोबाइल लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
दुर्ग। जिले की पुलिस ने ऐसे गैंग का भंडाफोड़ किया है जो राहगीरों और यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल और नकदी की लूटपाट करता था। गिरोह के सदस्य विरोध करने पर चाकू और कटर से हमला करने से भी पीछे नहीं हटते थे।
पुलिस के अनुसार, इस गैंग के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में अब तक 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। आरोपी अधिकतर वारदातों को मोटरसाइकिल की मदद से अंजाम देते थे और घटनाओं के बाद तेजी से फरार हो जाते थे।
गिरोह में कुल 09 लोग शामिल थे, जिनमें से 03 बालिग और 06 नाबालिग युवक हैं। सभी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के सतत् मार्गदर्शन और पुलिस टीम की सक्रियता से यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में हो रही लूट की वारदातों पर अंकुश लगेगा और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी।
