घुघरीखुर्द में शिवपुराण कथा का भव्य समापन! पंडित प्रदीप मिश्रा ने मंच से दिया बड़ा संदेश, कवर्धा पुलिस की सराहना
कवर्धा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम घुघरीखुर्द में 6 नवंबर से 10 नवंबर 2025 तक श्री शिवपुराण कथा का भव्य और श्रद्धा से पूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। इस पाँच दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी ने धर्म, भक्ति, सदाचार और सेवा के अमूल्य संदेशों से हजारों श्रद्धालुओं को अभिभूत किया।
कार्यक्रम के दौरान कबीरधाम पुलिस की अपील पर पंडित प्रदीप मिश्रा जी ने मंच से समाज में बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड और तकनीकी अपराधों के प्रति जागरूक रहने का विशेष संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस और नागरिक — दोनों की समान भूमिका होती है।

हजारों श्रद्धालुओं की प्रतिदिन उपस्थिति के बावजूद पुलिस व्यवस्था अत्यंत उत्कृष्ट, अनुशासित और प्रभावी रही। पुलिस बल ने पार्किंग, ट्रैफिक, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, मंच और कथा स्थल के आसपास लगातार सक्रियता बनाए रखी। सुबह से देर शाम तक अधिकारी और जवान पूर्ण समर्पण और तत्परता के साथ ड्यूटी पर तैनात रहे। पुलिस ने परिवहन और यातायात को सुचारु रखने के लिए पर्याप्त बल की व्यवस्था की, जिससे कहीं भी अव्यवस्था या जाम की स्थिति नहीं बनी।
पंडित प्रदीप मिश्रा जी ने कार्यक्रम के समापन पर कबीरधाम पुलिस की प्रशंसा करते हुए कहा कि “ऐसे छोटे ग्रामीण क्षेत्र में इतनी सुदृढ़, शांतिपूर्ण और संगठित पुलिस व्यवस्था देखना अत्यंत सराहनीय है।” उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण को खुलकर सराहा।

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल, श्री पंकज पटेल तथा उप पुलिस अधीक्षक श्री अखिलेश कौशिक, श्री प्रतीक चतुर्वेदी, श्री भूपत धनेश्वरी, श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर और श्री आशीष शुक्ला ने लगातार मॉनिटरिंग करते हुए कार्यक्रम की सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण और भीड़ व्यवस्था को अत्यंत जिम्मेदारी से संभाला। पुलिस के अनुशासन, समर्पण और तत्परता के कारण यह विशाल धार्मिक आयोजन पूर्ण शांति, आस्था और सौहार्द के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसकी सराहना श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने व्यापक रूप से की।
