चांदनी पुलिस ने पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी को किया गिरफ्तार
सूरजपुर जिले में हुई एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए थाना चांदनी पुलिस ने पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे आरोपी अशोक रजक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला 19–20 नवंबर की रात का है, जब ग्राम सरना निवासी प्राभावती काशी ने अपनी बहन देवकुमारी की गुमशुदगी और हत्या की आशंका पर थाना चांदनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पीड़िता की भांजी ने बताया कि उसके बेटे ने फोन पर जानकारी दी थी कि मां (देवकुमारी) घर नहीं लौटी है। अगले दिन जब परिजन नवाटोला पहुंचे तो घटना का सच सामने आया। मृतका के बेटे ने बताया कि 18 नवंबर की रात अशोक रजक अपनी पत्नी के साथ झगड़ा कर रहा था। छोटे बेटे के रोकने पर उसे भी मारपीट कर भगा दिया गया। उसने बाड़ी में छिपकर देखा कि पिता ने डंडा और सिलबट्टे से मां पर हमला कर हत्या कर दी और शव को कुएं में डालकर पैरा से ढक दिया।
रिपोर्ट पर थाना चांदनी में अपराध क्रमांक 66/2025 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना के बाद से आरोपी फरार था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
लगातार पतासाजी के बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी उड़ीसा से लौटकर घर आया है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी करते हुए पुलिस टीम ने अशोक रजक (39 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि खाना न बनने की बात पर हुए विवाद के दौरान आवेश में आकर उसने पत्नी की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को कुएं में फेंककर पैरा से ढक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा और सिलबट्टा भी बरामद कर लिए गए हैं। पूरी कार्रवाई एएसपी संतोष महतो, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप सिदार और उनकी टीम द्वारा की गई।
