IPS अधिकारी प्रखर पांडेय का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर
छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं सीआईडी में उप पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत प्रखर पांडेय (55) का सोमवार को रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन से पुलिस महकमे एवं प्रशासनिक जगत में शोक की लहर है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में सीआईडी विभाग में उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) के पद पर पदस्थ प्रखर पांडेय (55) का आज सोमवार को सायं लगभग 4:15 बजे निधन हो गया।
वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें उपचार हेतु भिलाई से रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों द्वारा किए गए अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
प्रखर पांडेय अपने सेवा काल में छत्तीसगढ़ पुलिस के एक अनुशासित, कर्मठ एवं संवेदनशील अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने कबीरधाम, सूरजपुर एवं दुर्ग जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दीं। इसके अतिरिक्त वे मुख्यमंत्री सुरक्षा अधिकारी के महत्वपूर्ण दायित्व का भी निर्वहन कर चुके थे।
अपने पूर्व सेवाकाल में उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में बिलासपुर एवं राजनांदगांव, तथा एसडीओपी के रूप में चांपा एवं कोटा (बिलासपुर) में भी उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान कीं।
उनके आकस्मिक निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर व्याप्त है। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण एसोसिएशन सहित अनेक पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
स्वर्गीय प्रखर पांडेय का अंतिम संस्कार सोमवार, 15 दिसंबर को भिलाई में किया जाएगा।
MPT News Portal की ओर से विशेष श्रद्धांजलि
कर्तव्यनिष्ठा, साहस और सेवा का नाम — प्रखर पांडेय
MPT News Portal छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी स्वर्गीय प्रखर पांडेय के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है।
प्रखर पांडेय केवल एक अधिकारी नहीं, बल्कि पुलिस सेवा की गरिमा, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं के प्रतीक थे। उन्होंने अपने संपूर्ण सेवाकाल में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ जनविश्वास को प्राथमिकता दी।
एक निष्पक्ष, निर्भीक और दूरदर्शी अधिकारी के रूप में उनकी पहचान सदैव स्मरणीय रहेगी। उनका असमय जाना न केवल पुलिस विभाग, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अपूरणीय क्षति है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति दें।
भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
— MPT News Portal
