गरियाबंद में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, शोभा जंगल में फायरिंग के बाद सामान छोड़कर भागे नक्सली

0
WhatsApp Image 2025-08-19 at 7.44.35 PM

गरियाबंद जिले के थाना शोभा क्षेत्र अंतर्गत जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है। जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दक्षिण स्थित शोभा थाना क्षेत्र के घने जंगलों में यह मुठभेड़ उस समय हुई, जब सुरक्षा बल संयुक्त सर्च ऑपरेशन पर निकले हुए थे।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा डिवीजन के प्रतिबंधित माओवादी संगठन के 8 से 10 नक्सली शोभा क्षेत्र के जंगलों में सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर जिला पुलिस गरियाबंद की E-30 टीम, 207 कोबरा बटालियन, 65 व 211 बटालियन (CRPF) की संयुक्त टीम द्वारा सर्चिंग अभियान शुरू किया गया।

दिनांक 05/01/2026 की शाम सर्चिंग के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को देखकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों का उद्देश्य सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने और हथियार लूटने का था। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों द्वारा भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की गई।

पुलिस बल की संख्या अधिक होती देख नक्सली घने जंगल, पहाड़ी और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। भागते समय नक्सली अपना दैनिक उपयोग का सामान जंगल में छोड़ गए, जिसे मुठभेड़ के बाद बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया गया। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।

गरियाबंद पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय सभी नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। आत्मसमर्पण करने के इच्छुक नक्सली जिले के किसी भी पुलिस थाना, चौकी या कैंप में संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों