वनांचल ग्राम बांधा पहुंचे एसपी धर्मेंद्र सिंह, बच्चों में बांटी पढ़ाई सामग्री, कबीरधाम को बताया नक्सल-मुक्त
कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम बांधा में पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (IPS) ने दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था और सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गांव में चल रही पुलिस-जनसम्पर्क गतिविधियों को नज़दीक से देखा और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

एसपी धर्मेंद्र सिंह ने गांव के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में जाकर बच्चों से मुलाकात की और उन्हें पढ़ाई से जुड़ी सामग्री वितरित की। उन्होंने छात्रों से सामान्य ज्ञान और सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। इस अवसर पर बच्चों को शिक्षा के महत्व के साथ-साथ नशे से दूर रहने, साइबर सुरक्षा, मोबाइल के सुरक्षित उपयोग और अपराध से बचाव के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने गांव के वरिष्ठ नागरिकों, किसानों, महिलाओं और युवाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और सामाजिक माहौल से जुड़े सुझाव और अनुभव साझा किए। एसपी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच जितना मजबूत रिश्ता होगा, उतना ही अपराध पर नियंत्रण और समाज में शांति बनी रहेगी।
उन्होंने बताया कि कबीरधाम जिला आज नक्सल-मुक्त घोषित हो चुका है, जो पुलिस, प्रशासन और आम नागरिकों की संयुक्त मेहनत का परिणाम है। सतत गश्त, त्वरित कार्रवाई, तकनीकी पुलिसिंग और जनसहयोग ने जिले में शांति व्यवस्था को मजबूत किया है।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदेह या समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और युवाओं को नशे व अपराध से दूर रखें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कबीरधाम पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है।
