जेल के भीतर रीलबाजी! प्रेमी बंदी के साथ मुलाकात का वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
राजधानी रायपुर की केंद्रीय जेल से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पूरे जेल प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। जेल के भीतर शूट किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें एक युवती अपने जेल में बंद प्रेमी से मुलाकात के दौरान वीडियो बनाती नजर आ रही है। वीडियो सामने आते ही जेल महकमे में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी से मिलने जेल पहुंची थी और उसने अपने पास मौजूद मोबाइल फोन से मुलाकात कक्ष के भीतर वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में वह यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि वह अपने बंद प्रेमी को जन्मदिन की बधाई देने आई है। कांच की दीवार से अलग किए गए टेलीफोन मुलाकात कक्ष में आरोपी युवक कैमरे के सामने बेझिझक पोज़ देता दिखाई दे रहा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जेल के मुख्य द्वार पर मुलाकातियों के मोबाइल फोन जमा कराए जाते हैं, इसके बावजूद मोबाइल फोन जेल के भीतर कैसे पहुंचा, यह बड़ा सवाल बन गया है। आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे घटनाक्रम में जेल के अंदर किसी कर्मचारी की लापरवाही या मिलीभगत हो सकती है, जिसकी जांच जरूरी मानी जा रही है।
हाई-सिक्योरिटी मानी जाने वाली जेल के भीतर इस तरह वीडियो बनना न सिर्फ सुरक्षा में बड़ी चूक को दर्शाता है, बल्कि जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, कुछ यूजर्स इसे “सेटिंग” और “रिश्वत” से जोड़कर देख रहे हैं।
गौरतलब है कि जेलों में कांच की दीवार वाला टेलीफोन मुलाकात कक्ष इसलिए बनाया जाता है ताकि बंदी और मुलाकाती के बीच कोई शारीरिक संपर्क न हो और प्रतिबंधित वस्तुएं अंदर न पहुंच सकें। अब सवाल यह है कि मुलाकात के दौरान तैनात प्रहरी की निगरानी कैसे चूक गई। फिलहाल जेल प्रशासन वायरल वीडियो की जांच में जुटा है और पूरे मामले की तह तक जाने की बात कही जा रही है।
