आईजी रामगोपाल गर्ग ने किया “अनुभव” फीडबैक सिस्टम लॉन्च, जनता से सीधा संवाद बढ़ाएगी बिलासपुर रेंज पुलिस
बिलासपुर रेंज पुलिस ने आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी व संवेदनशील बनाने की दिशा में एक अभिनव कदम उठाया है। पुलिस महा निरीक्षक(आईजी) बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने “अनुभव” नामक क्यूआर कोड आधारित फीडबैक प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ किया।

यह कार्यक्रम चेतना हॉल, पुलिस लाइन बिलासपुर में आयोजित किया गया, जिसमें बिलासपुर रेंज के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस पहल के जरिए रेंज स्तर पर एक समान प्रणाली लागू की गई है, जिससे पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद को और मजबूत किया जा सके।
“अनुभव” कार्यक्रम के तहत रेंज के सभी थानों और पुलिस चौकियों में क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। थाना आने वाला कोई भी नागरिक इस क्यूआर कोड को स्कैन कर पुलिस सेवा, व्यवहार, सुविधाओं और अपनी समस्या से जुड़ा फीडबैक सीधे दर्ज कर सकेगा। यह फीडबैक सीधे बिलासपुर रेंज कार्यालय तक पहुंचेगा, जिससे उच्च स्तर पर इसकी निगरानी की जा सकेगी।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि प्राप्त सुझावों और शिकायतों के आधार पर थानों की कार्यप्रणाली, बैठने की व्यवस्था, अनावश्यक पूछताछ, स्टाफ की संवेदनशीलता और नागरिक सुविधाओं में सुधार किया जाएगा। पूर्व में मिले फीडबैक के आधार पर कई थानों में सकारात्मक बदलाव भी किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की उपस्थिति रही। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से जनता की आवाज सीधे शीर्ष अधिकारियों तक पहुंचेगी और इससे जवाबदेह, पारदर्शी एवं भरोसेमंद पुलिसिंग को बढ़ावा मिलेगा। “अनुभव” पहल के माध्यम से बिलासपुर रेंज पुलिस जनविश्वास को और सशक्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
