CRPF का बड़ा जनसंपर्क अभियान! बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र के गांवों में बांटी सामग्री, युवाओं को खेल किट वितरित
गरियाबंद जिले के बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 65वीं बटालियन द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस जनकल्याणकारी कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ एवं प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे ग्रामीणों को आवश्यक सहायता प्रदान करना और सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बिंद्रानवागढ़, टिमनपुर, भैसमुड़ा, बेगरपाला, कामेपुर और धवलपुर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं वितरित की गईं। इनमें कंबल, कृषि उपकरण, महिलाओं के लिए साड़ियां, बर्तन, घरेलू सामग्री सहित अन्य जरूरी सामान शामिल थे।
स्कूली बच्चों को पढ़ाई के लिए कॉपी, पेन, पेंसिल, बॉक्स और स्कूल बैग वितरित किए गए। वहीं स्थानीय युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए वॉलीबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट किट भी प्रदान की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा और खेल के माध्यम से युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
कमांडेंट रणविजय मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों की सक्रिय भागीदारी रही। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल सुरक्षा बलों को दें।
CRPF की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहा और इसे क्षेत्र में सकारात्मक संवाद और विश्वास निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस प्रकार के कार्यक्रम नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और शांति स्थापना के प्रयासों को मजबूती देते हैं।




