दुर्ग में महिला कमांडो का जोश! सिविल डिफेंस ट्रेनिंग में 400+ महिलाओं ने लिया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
दुर्ग जिले के खुरसीपार थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम मैदान में सिविल डिफेंस ट्रेनिंग एवं मोटिवेशन कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान महिला कमांडो को आपदा प्रबंधन, आत्मरक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
सम्मेलन में खुरसीपार, छावनी, जामुल, कुम्हारी और पुरानी भिलाई क्षेत्र की 400 से अधिक महिला कमांडो ने भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र में एसडीआरएफ टीम ने सड़क दुर्घटना, आग, बाढ़, भूकंप जैसी आपदाओं में राहत एवं बचाव कार्य का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, प्राथमिक उपचार देने और समन्वित राहत कार्य की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधान, साइबर अपराध से बचाव, सामुदायिक पुलिसिंग, नशा मुक्ति अभियान और यातायात नियमों के पालन पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। महिला कमांडो को अपने-अपने वार्ड और गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि महिला कमांडो समाज में सुरक्षा और जागरूकता की मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने आगामी होली पर्व को देखते हुए शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों की महिला कमांडो टीमों को सशक्त बनाने हेतु टॉर्च और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। अंत में सभी महिला कमांडो ने “नशा मुक्त समाज, सुरक्षित समाज” और “सशक्त महिला, सशक्त छत्तीसगढ़” का सामूहिक संकल्प लिया। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




