ग्वालियर पुलिस ने छात्राओं को दी साइबर क्राइम और महिला सुरक्षा की जानकारी, कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

0
10.11

ग्वालियर में पुलिस द्वारा छात्राओं को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। वीरांगना झलकारी बाई शासकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा, महिला संरक्षण और बाल अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल और सीएसपी कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने छात्राओं को साइबर क्राइम और ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम के दौरान थाना हजीरा क्षेत्र से निरीक्षक जितेंद्र सिंह तोमर और सब-इंस्पेक्टर पूनम कटारे भी मौजूद रहे। सब-इंस्पेक्टर पूनम कटारे ने छात्राओं को सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव, घर से भागने की घटनाओं और अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत के खतरों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि सोशल मीडिया पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति से संपर्क करने या मिलने के लालच में न आएं।

इसके साथ ही छात्राओं को POCSO Act, महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराध, साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अजनबी के साथ अपनी फोटो या वीडियो साझा नहीं करना चाहिए, क्योंकि इसका दुरुपयोग किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, साइबर हेल्पलाइन और पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद ली जा सके। ग्वालियर पुलिस का कहना है कि समाज में सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों