चलती एंबुलेंस में लगी आग! डायल-112 टीम ने दिखाई बहादुरी, महिला मरीज की बचाई जान
मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में डायल-112 पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। सिवनी मालवा से आ रही एक ओमनी एंबुलेंस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस टीम की सूझबूझ से महिला मरीज की जान बचा ली गई।
घटना थाना डोलरिया क्षेत्र की है, जहां सूचना मिलते ही डायल-112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में ऑक्सीजन सपोर्ट पर महिला मरीज मौजूद थी, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी।

🚒 पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए पास के पेट्रोल पंप से फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था की और आग पर तुरंत काबू पाया। इसके बाद महिला मरीज को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस वाहन से शिफ्ट किया गया।
बाद में 108 एंबुलेंस की सहायता से मरीज को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे संभावित जनहानि टल गई।
👮 साहसिक कार्य के लिए सम्मान
इस मानवीय और साहसिक कार्य के लिए प्रधान आरक्षक सुशील कुमार मिश्रा, आरक्षक अजय गुप्ता और चालक सुधीर उइके को पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम द्वारा सम्मानित किया गया।

मध्यप्रदेश पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि संकट की घड़ी में संवेदनशीलता, तत्परता और सेवा भावना ही “वर्दी का वादा” है।
