कैमरे में फिर कैद रिश्वतखोर ASI — ट्रक मालिक से रिश्वत लेते वीडियो वायरल, लाइन अटैच
जांजगीर-चांपा। जिले में रिश्वतखोरी का एक और मामला सामने आया है, जहां पुलिस विभाग का एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) एक बार फिर रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद हो गया। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित ASI को लाइन अटैच कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, चर्चित ASI आर.पी. बघेल पर ट्रक मालिक से पैसे मांगने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि एक प्रकरण में चालान पेश करने और कार्रवाई में राहत देने के नाम पर ASI ने ट्रक मालिक से 20 हजार रुपये की मांग की थी। दोनों के बीच बातचीत के बाद सौदा 10 हजार रुपये पर तय हुआ, लेकिन ASI ने कथित रूप से यह कहते हुए असंतोष जताया कि पूरी राशि अधिकारियों तक जाएगी और उसके पास कुछ नहीं बचेगा। इसके बाद ट्रक मालिक ने अतिरिक्त रकम भी दी।
पूरी घटना शिकायतकर्ता द्वारा मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली गई। वीडियो वायरल होते ही मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंची, जिसके बाद तत्काल संज्ञान लेते हुए ASI को लाइन अटैच कर दिया गया।
शिकायतकर्ता ने बनाया वीडियो
मामले में शिकायतकर्ता अमित खुटे ने रुपये मांगने की पूरी बातचीत का वीडियो बनाया और इसकी लिखित शिकायत पुलिस अधिकारियों को सौंप दी। शिकायत मिलने के बाद विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पहले भी विवादों में रह चुका है ASI
सूत्रों के मुताबिक, ASI रामप्रसाद बघेल पूर्व में भी रिश्वतखोरी के कई मामलों को लेकर विवादों में रह चुका है। बताया जा रहा है कि कोरोना काल से पहले भी रिश्वत लेने का एक मामला उजागर हुआ था, जिसमें संबंधित थाने के टीआई पर भी कार्रवाई हुई थी। वर्ष 2020 में सड़क दुर्घटना से जुड़े एक प्रकरण में भी रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल होने की चर्चा सामने आई थी।
शराब और नकद की भी मांग का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, एक अन्य मामले में न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े काम के एवज में ASI द्वारा 40 हजार रुपये और अंग्रेजी शराब की बोतलों की मांग किए जाने की भी शिकायत सामने आई थी।
पुलिस विभाग ने लिया संज्ञान
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। विभागीय स्तर पर जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
