शादी वाले घर में चोरी का खुलासा: सैलाना पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर ₹5 लाख के जेवर व नकदी बरामद

0

रतलाम जिले की सैलाना थाना पुलिस ने शादी समारोह के दौरान हुए चोरी के सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के नेतृत्व में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोदिना निवासी निर्मल पाटीदार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल 2026 को परिवार के सभी सदस्य भतीजे की शादी में शामिल होने घर से बाहर गए थे। रात करीब 10 बजे लौटने पर मकान का दरवाजा टूटा मिला और अंदर अलमारी खुली पाई गई। घर से चांदी के आभूषण एवं नकदी गायब थी। वहीं दूल्हे के रिश्तेदार के बैग से सोने की चेन और नकदी भी चोरी हो गई थी। मामले में थाना सैलाना में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम पंचेवा निवासी सुजल पिता मुकेश पाटीदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ग्राम पंचेवा स्थित पवन चक्की क्षेत्र के टीन शेड से चोरी किए गए सोने व चांदी के आभूषण बरामद किए। वहीं चोरी की नकदी आरोपी द्वारा अपनी मोटरसाइकिल (MP-43-ZF-9551) के टैंक के नीचे छिपाकर रखी गई थी, जिसे भी जब्त कर लिया गया।

कार्रवाई में लगभग ₹5 लाख मूल्य के आभूषण, ₹21 हजार नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी सुजल पाटीदार (उम्र 20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

बरामद सामग्री:

  • ढाई तोला सोने की चेन (लगभग ₹3,00,000)
  • चांदी का कंदोरा (लगभग 84 ग्राम)
  • चांदी की पायल (148 ग्राम)
  • चांदी की पायल (54 ग्राम)
  • ₹21,000 नकद
  • घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी पिंकी आकाश, उपनिरीक्षक आनंद बागवान, सहायक उपनिरीक्षक शंकरसिंह शक्तावत, आरक्षक फकीरचंद सोलंकी एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों