रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़, नाइजीरियन समेत 2 गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतर्राज्यीय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली में छापेमारी कर संगठित नशा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक नाइजीरियन नागरिक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर पुलिस को लगातार मिल रही खुफिया सूचनाओं के आधार पर विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान आरोपियों की गतिविधियां दिल्ली से संचालित होना सामने आने पर पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया।

छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से नगदी समेत करीब 11 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस का मानना है कि आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क संचालित कर रहे थे और विभिन्न राज्यों में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े हुए थे।
कमिश्नरेट पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है तथा पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
