आधी रात बस स्टॉप पर अकेली खड़ी रहीं IPS अधिकारी, 3 घंटे में सामने आई महिलाओं की सुरक्षा की डरावनी सच्चाई
Photo Courtesy @ SumathiIPS
हैदराबाद। महिलाओं की रात में सुरक्षा को समझने के लिए एक वरिष्ठ IPS अधिकारी ने ऐसा कदम उठाया, जिसने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया। आधी रात के बाद शहर के व्यस्त बस स्टॉप पर अकेले खड़े होकर उन्होंने खुद वह अनुभव किया, जिससे रोज़ कई महिलाएं गुजरती हैं।
मलकाजगिरी पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस कमिश्नर Sumathi IPS ने हैदराबाद के Dilsukhnagar बस स्टॉप पर देर रात फील्ड एक्सरसाइज की। यह ऑपरेशन रात 12:30 बजे से 3:30 बजे तक चला।
इस दौरान करीब 40 पुरुषों द्वारा कथित रूप से अश्लील टिप्पणियां, अनुचित प्रस्ताव और बार-बार परेशान करने जैसी घटनाएं सामने आईं। रिपोर्ट के अनुसार कई लोग नशे की हालत में थे, जबकि कुछ गांजा के प्रभाव में बताए गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि इनमें अधिकतर छात्र और कामकाजी लोग शामिल थे, जबकि अधिकारी स्वयं 50 वर्ष से अधिक आयु की हैं।
हालांकि यह कार्रवाई सिर्फ आरोपियों को पकड़ने के लिए नहीं थी। पुलिस ने सभी संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें काउंसलिंग दी, चेतावनी जारी की और महिलाओं के प्रति व्यवहार सुधारने की सख्त हिदायत दी।
दिलचस्प बात यह भी है कि यह उनका पहला ऐसा प्रयोग नहीं था। लगभग 25 साल पहले, जब वे काज़ीपेट रेलवे स्टेशन क्षेत्र में DSP के पद पर थीं, तब भी उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को समझने के लिए इसी तरह का ग्राउंड ऑपरेशन किया था।
वरिष्ठ पद पर पहुंचने के बाद भी मैदान में उतरकर वास्तविक स्थिति जानने की उनकी पहल की व्यापक सराहना हो रही है। लेकिन इस घटना ने एक असहज सच्चाई भी उजागर की — आज भी कई महिलाओं के लिए रात में अकेले बाहर निकलना पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं होता।
