गांव-गांव पहुंची महिला रक्षा टीम! छात्राओं को सिखाए साइबर सुरक्षा और सेल्फ डिफेंस के गुर
कांकेर। महिलाओं, छात्राओं एवं ग्रामीण नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस की महिला रक्षा टीम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों एवं कोचिंग संस्थानों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों को अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (IUCAW) सुश्री प्रतिभा लहरे के पर्यवेक्षण में महिला रक्षा टीम ने पंडरीपानी, लाल माटवाड़ा एवं अभिनव कोचिंग क्लास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशामुक्ति, यातायात नियमों, घरेलू हिंसा, मानव तस्करी एवं महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अपराधों से बचाव के उपाय एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में भी समझाया गया।

महिला रक्षा टीम ने प्रतिभागियों को “अभिव्यक्ति ऐप” की उपयोगिता बताते हुए ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई और मौके पर ही कई महिलाओं एवं छात्राओं से ऐप डाउनलोड कराया, ताकि वे जरूरत पड़ने पर सीधे पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।
कांकेर पुलिस द्वारा स्थापित शिकायत पेटियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इनके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना गोपनीय रूप से पुलिस तक पहुंचा सकता है।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में बच्चों एवं छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। महिला रक्षा टीम द्वारा सेल्फ डिफेंस डेमो प्रस्तुत कर आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण तरीके भी सिखाए गए।
कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करें, नशे से दूर रहें एवं यातायात नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 9479155125 तथा महिला हेल्पलाइन 9479155925 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से दी जा सकती है।
