ट्रक खरीद के नाम पर बड़ा फ्रॉड! फाइनेंस कंपनी मैनेजर गिरफ्तार, 9 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा
भानुप्रतापपुर: धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले में भानुप्रतापपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोलामंडलम ट्रक फाइनेंस कंपनी के मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ट्रक बेचने के नाम पर लाखों रुपये लेकर वाहन ट्रांसफर नहीं करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया से ट्रक खरीदने का झांसा देकर आरोपी ने ₹2.50 लाख नगद तथा ₹6.88 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर के माध्यम से कुल करीब ₹9 लाख की राशि ले ली। रकम प्राप्त करने के बावजूद आरोपी ने वाहन का नामांतरण नहीं कराया और लगातार टालमटोल करता रहा।
शिकायत मिलने के बाद थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी संजय भास्कर तिवारी, निवासी नारायणपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन खरीद-फरोख्त या फाइनेंस संबंधी किसी भी लेनदेन से पहले सभी दस्तावेजों की विधिवत जांच अवश्य करें।
