CTO और शेयर होल्डर बनाने का झांसा देकर 43 लाख से ज्यादा की ठगी, दंपत्ति मुंबई से गिरफ्तार
कांकेर: थाना पखांजूर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सॉफ्टवेयर कंपनी में मुख्य तकनीकी अधिकारी (CTO) एवं 10 प्रतिशत शेयर होल्डर बनाने का लालच देकर 43 लाख 44 हजार 900 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दंपत्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शिकायतकर्ता को कंपनी में उच्च पद और हिस्सेदारी देने का झांसा देकर फर्जी दस्तावेज, नकली चेक और बिजनेस कार्ड के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में बड़ी रकम हासिल की थी। मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य जुटाकर पुलिस टीम ने मुंबई, महाराष्ट्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद चंदेल, CEO – ZEALAPP VIEW PRIVATE LIMITED तथा उसकी पत्नी रेखा चंदेल के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने शिकायतकर्ता से कुल 43,44,900 रुपये प्राप्त करना स्वीकार किया है।
इस संबंध में थाना पखांजूर में अपराध क्रमांक 84/2025 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सतत पतासाजी करते हुए कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश, नौकरी या बिजनेस पार्टनरशिप के नाम पर किसी भी प्रकार के लालच में आने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।
