दुर्ग पुलिस का जनमित्र अभियान: साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात नियमों पर 300 महिला कमांडो को किया जागरूक

0

दुर्ग पुलिस द्वारा संचालित जनमित्र अभियान के अंतर्गत ग्राम दारगांव एवं थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में यातायात सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम एवं महिला कमांडो दल ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए ग्रामीणों और आम नागरिकों को जागरूक किया।

ग्राम दारगांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हेलमेट की अनिवार्यता, साइबर अपराधों से बचाव और नशा मुक्ति के महत्व पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। दुर्ग पुलिस ने आमजनों को साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930, नशा मुक्ति हेल्पलाइन 1933 एवं यातायात हेल्पलाइन 1033 की जानकारी विस्तारपूर्वक दी।

वहीं सुशासन बिहार कार्यक्रम के दौरान थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में लगाए गए जनजागरूकता पंडाल में नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने, साइबर ठगी से सतर्क रहने एवं महिला संबंधी अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से लगभग 300 महिला कमांडो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनहित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई।

दुर्ग पुलिस ने अपील की है कि सभी नागरिक वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा साइबर ठगी, नशा संबंधी गतिविधियों या किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर देकर पुलिस का सहयोग करें।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनमित्र अभियान का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज में जागरूक, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक संस्कृति विकसित करना भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों