40 KM दूर से पहुंचे थाना प्रभारी, दुर्लभ ब्लड देकर बचाई 5 वर्षीय बच्ची की जान
मध्यप्रदेश पुलिस ने एक बार फिर “देश भक्ति – जन सेवा” के अपने मूल मंत्र को साकार करते हुए इंसानियत की अनोखी मिसाल पेश की है। देवास जिला अस्पताल में भर्ती 5 वर्षीय मासूम बालिका को दुर्लभ “AB-नेगेटिव” ब्लड की तत्काल आवश्यकता थी, लेकिन देर रात तक कोई डोनर नहीं मिल पा रहा था।
स्थिति बेहद गंभीर होती जा रही थी। ऐसे समय में सोशल मीडिया पर मदद का संदेश प्रसारित किया गया। यह संदेश जैसे ही देवास से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित हाटपिपलिया थाना प्रभारी श्री दीपक यादव तक पहुंचा, उन्होंने बिना देर किए तुरंत जिला अस्पताल पहुंचने का फैसला लिया।
पुलिस की संवेदनशीलता ने बचाई मासूम की जिंदगी
रात के समय लंबी दूरी तय कर थाना प्रभारी दीपक यादव सीधे अस्पताल पहुंचे और बच्ची के लिए अपना रक्तदान किया। दुर्लभ ब्लड ग्रुप समय पर मिलने से बच्ची का उपचार शुरू हो सका और परिजनों ने राहत की सांस ली।
आज के समय में जब दुर्लभ ब्लड ग्रुप मिलने में कई बार घंटों नहीं बल्कि दिन लग जाते हैं, ऐसे में पुलिस अधिकारी का तुरंत आगे आकर मानवता निभाना लोगों के लिए प्रेरणा बन गया है।
वर्दी के पीछे छिपी इंसानियत की मिसाल
मध्यप्रदेश पुलिस की यह पहल दिखाती है कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर आम लोगों के जीवन की रक्षा के लिए हर संभव मदद करने को तैयार रहती है। थाना प्रभारी दीपक यादव की संवेदनशीलता और मानवता की यह मिसाल सोशल मीडिया पर भी खूब सराही जा रही है।
