राजस्थान पुलिस की महिला कर्मियों ने रचा इतिहास! वर्ल्ड योगासन चैम्पियनशिप में जीते गोल्ड, देश का बढ़ाया मान
विश्व स्तर पर आयोजित पहली वर्ल्ड योगासन चैम्पियनशिप में राजस्थान पुलिस की महिला कर्मियों ने शानदार प्रदर्शन कर देश और विभाग का नाम रोशन किया है। राजस्थान पुलिस की जांबाज खिलाड़ी गायत्री चौधरी और देवांशी शर्मा ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की और योगासन खेल में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
47 वर्षीय गायत्री चौधरी वर्ष 2003 से राजस्थान पुलिस में सेवाएं दे रही हैं। पुलिस विभाग में लंबी और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बावजूद उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा को लगातार निखारा। 12 से 14 घंटे की व्यस्त ड्यूटी के बाद भी नियमित अभ्यास और अनुशासन के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह उपलब्धि हासिल की।
गायत्री चौधरी की उपलब्धियों का सफर लगातार आगे बढ़ रहा है। इस सफलता के साथ उनके नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कुल 21 पदक दर्ज हो चुके हैं, जिनमें 12 स्वर्ण पदक शामिल हैं। उनकी यह उपलब्धि खेल जगत के साथ-साथ पुलिस विभाग के लिए भी गर्व का विषय बन गई है।
वहीं अहमदाबाद में आयोजित इस पहली वर्ल्ड योगासन चैम्पियनशिप में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों ने चार स्वर्ण पदक जीतकर देश की पदक संख्या बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
राजस्थान पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों के खिलाड़ियों की यह सफलता साबित करती है कि कर्तव्य के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी भारतीय पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
