बिलासपुर पुलिस की अनोखी पहल! ‘जागरूक नारी’ कार्यक्रम से मासिक धर्म को लेकर तोड़ी जा रही झिझक
बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “चेतना – अतुलनीय बिलासपुर, सुरक्षित बिलासपुर” अभियान के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘जागरूक नारी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से मासिक धर्म से जुड़े मिथकों को दूर करने और समाज में सकारात्मक संवाद स्थापित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं और युवतियों को मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता और इससे जुड़े सामाजिक पहलुओं के बारे में जागरूक किया गया। वक्ताओं ने बताया कि मासिक धर्म कोई झिझक या शर्म का विषय नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, सम्मान और जागरूकता से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। इस विषय पर खुलकर चर्चा करने से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने में आर्यन फिल्म, रैपिडो, टर्सेल, जीवधर्णी संस्था, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), आधारशिला मंदिर स्कूल, यूनिसेफ और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स सहित विभिन्न संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय योगदान दिया।


बिलासपुर पुलिस का मानना है कि जागरूकता बढ़ने से महिलाओं का आत्मविश्वास मजबूत होता है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सही जानकारी भी लोगों तक पहुंचती है। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में संवेदनशीलता, सम्मान और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया गया।
