‘ऑपरेशन बाज’ में मुंगेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजे की अवैध खेती करने वाला आरोपी गिरफ्तार
मुंगेली। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मुंगेली पुलिस का विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ लगातार प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जरहागांव थाना पुलिस ने ग्राम अमोरा में अवैध रूप से गांजे की खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
पुलिस को सूचना मिलने के बाद ग्राम अमोरा में कार्रवाई की गई, जहां जांच के दौरान अवैध गांजा खेती किए जाने की पुष्टि हुई। मौके से आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई।
मुंगेली पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के उत्पादन, तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की प्राथमिकता युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाना और जिले को नशामुक्त बनाने की है।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत जिलेभर में लगातार निगरानी और सघन कार्रवाई जारी रहेगी तथा नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
