राजनांदगांव में कोचिंग सेंटरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 12 संस्थानों की फायर सेफ्टी जांच, लापरवाही पर सख्त चेतावनी
राजनांदगांव। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राजनांदगांव पुलिस ने शहर के कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जिसमें शहर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।
इस विशेष अभियान के दौरान थाना कोतवाली, बसंतपुर और चिखली क्षेत्र के करीब 12 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने फायर एक्सटिंग्विशर, इमरजेंसी एग्जिट, आपातकालीन खिड़कियों, विद्युत वायरिंग, बिजली सुरक्षा उपकरण, सीढ़ियों और निकासी मार्गों सहित विभिन्न सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे सभी निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें। संस्थानों में पर्याप्त संख्या में कार्यशील फायर एक्सटिंग्विशर, साफ और सुरक्षित निकासी मार्ग, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था तथा आपातकालीन स्थिति में छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा गया।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी संस्थान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक उपेंद्र शाह, थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू सहित लगभग 25 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
राजनांदगांव पुलिस ने कहा कि विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।
