बेमेतरा पुलिस का बड़ा एक्शन: म्युल अकाउंट गिरोह पर शिकंजा, बैंक खाता किराए पर देने वाला आरोपी गिरफ्तार
साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए बेमेतरा पुलिस ने म्युल अकाउंट (किराए पर बैंक खाता उपलब्ध कराने) के नेटवर्क के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में जिले में ऐसे खाताधारकों और दूसरों को बैंक खाते किराए पर देने के लिए प्रेरित करने वाले लोगों की पहचान कर लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस ने जांच के दौरान एक संदिग्ध म्युल अकाउंट की पुष्टि की। मामले में ग्राम जेवरा निवासी 21 वर्षीय दुष्यंत कुमार साहू को विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, म्युल अकाउंट का इस्तेमाल अक्सर साइबर ठगी से प्राप्त रकम को एक खाते से दूसरे खाते में स्थानांतरित करने के लिए किया जाता है। ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जांच लगातार जारी है और पुलिस साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या बैंकिंग जानकारी किराए पर या उपयोग के लिए उपलब्ध न कराएं। ऐसा करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।
