डायल-112 की संवेदनशील पुलिसिंग बनी गरीब परिवार का सहारा, घरेलू विवाद सुलझाकर लौटाई मुस्कान

0

बलौदाबाजार। कसडोल क्षेत्र में देर रात घरेलू हिंसा और पारिवारिक विवाद से डरे-सहमे एक अत्यंत गरीब परिवार ने कांपते हाथों से डायल-112 पर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही कसडोल डायल-112 पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अपनी संवेदनशीलता एवं सूझबूझ से न केवल विवाद को शांत कराया, बल्कि पूरे परिवार में सुरक्षा का भरोसा भी जगाया।

पुलिस वाहन को कुछ ही देर में अपने घर के सामने देखकर परिवार के मासूम बच्चे खुशी से दौड़ पड़े। पीड़ित परिवार को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि उनकी एक कॉल पर पुलिस इतनी जल्दी मदद के लिए पहुंच जाएगी।

कसडोल डायल-112 टीम ने बिना किसी कठोरता के मनोवैज्ञानिक और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए दोनों पक्षों की बात सुनी और समझाइश देकर घरेलू विवाद को शांत कराया। पुलिस की इस संवेदनशील पहल से भयभीत परिवार ने राहत की सांस ली।

मदद मिलने के बाद भावुक हुए परिवार ने छत्तीसगढ़ शासन और पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी पुकार पर इतनी तत्परता से पुलिस सहायता के लिए पहुंचेगी। उन्होंने डायल-112 की त्वरित और मानवीय कार्यशैली की सराहना की।

बलौदाबाजार पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, घरेलू हिंसा, विवाद या संकट की स्थिति में बिना संकोच डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस हर जरूरतमंद तक समय पर पहुंचने के लिए सदैव तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों