जांजगीर-चांपा में लिफ्ट मांगकर युवक की हत्या, चंद घंटों में दो विधि से संघर्षरत बालक पुलिस की अभिरक्षा में
जांजगीर-चांपा पुलिस ने लूट की नीयत से की गई युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने चक्षु-दर्शी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, मृतक अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था। कचहरी चौक के पास दो विधि से संघर्षरत बालकों ने लिफ्ट मांगकर उसकी बाइक रुकवाई और रास्ते में होंडा शोरूम के समीप सुनसान स्थान पर लूटपाट की नीयत से उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मृतक का पर्स और मोबाइल लेकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, सीएसपी योगिताबाली खापर्डे, कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता तथा साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिले सुरागों के आधार पर दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में ले लिया।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना पुलिस एवं साइबर टीम की भूमिका सराहनीय रही।
