102 नाबालिग छात्रों पर कार्रवाई: सूरजपुर पुलिस ने अभिभावकों से वसूला ₹71,600 जुर्माना, सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती

0

सूरजपुर पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नाबालिग स्कूली छात्रों द्वारा वाहन चलाने के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने 102 नाबालिग छात्रों को दोपहिया वाहन चलाते हुए पकड़ा और उनके अभिभावकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जिलेभर में स्कूलों के आसपास और प्रमुख मार्गों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान 102 नाबालिग छात्र वाहन चलाते मिले, जिनके अभिभावकों को बुलाकर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में ₹63,000 का समन शुल्क वसूला गया।

इसके अलावा, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 58 अन्य वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए ₹8,600 का जुर्माना लगाया गया। इस तरह कुल 160 प्रकरणों में ₹71,600 का समन शुल्क वसूला गया।

अभियान के दौरान 4 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में इस्तगासा प्रस्तुत किया गया।

सूरजपुर पुलिस ने स्कूलों में भी जागरूकता अभियान चलाकर छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने, 18 वर्ष की आयु पूरी होने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनने के बाद ही वाहन चलाने की समझाइश दी।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने अभिभावकों से अपील की कि वे 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें। उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ उनके और अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों