रतलाम में हाईवे ट्रक चोरी गिरोह का पर्दाफाश, तिरपाल काटकर लहसुन-सरसों चुराने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार; ₹8.59 लाख का माल जब्त
रतलाम। महू-नीमच हाईवे पर तिरपाल काटकर ट्रकों से कृषि उपज चोरी करने वाले गिरोह का नामली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के 7 आरोपी फरार बताए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 14 कट्टे लहसुन, 13 कट्टे सरसों, 4 बिना नंबर की मोटरसाइकिल, 30 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की शराब और देशी पिस्टलनुमा कट्टा सहित कुल करीब ₹8.59 लाख का मश्रुका जब्त किया गया है।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देश पर हाईवे पर ट्रकों को निशाना बनाकर होने वाली चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पान्द्रो, प्रभारी SDOP श्री अजय सारवान के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी श्री अमित कोरी के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी सहायता और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही।
16 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध धर्मेंद्र बापू के खेत पर बने मकान के पीछे रुके हुए हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अमन कंजर, राहुल कंजर और निखिल कंजर को पकड़ लिया। इस दौरान कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। मौके से बिना नंबर की मोटरसाइकिलें और करीब 30 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की शराब बरामद हुई।
तलाशी के दौरान अमन सिसोदिया के पास से 32 बोर का पिस्टलनुमा देशी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। इस संबंध में थाना नामली में अपराध क्रमांक 406/2026 के तहत आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आई ट्रकों से चोरी की वारदातें
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने करीब 20-25 दिन पहले एक ट्रक से तिरपाल काटकर 14 कट्टे लहसुन और करीब 4 दिन पहले दूसरे ट्रक से 13 कट्टे सरसों चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई कृषि उपज बरामद कर जब्त की गई।
स्पीड ब्रेकर और घाटी में धीमे ट्रक होते थे निशाने पर
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य चोरी की मोटरसाइकिलों पर तीन-तीन लोगों के समूह में हाईवे की रेकी करते थे। तिरपाल से ढके ट्रकों की निगरानी के दौरान खास तौर पर स्पीड ब्रेकर और घाटी वाले स्थानों पर धीमे होने वाले ट्रकों को निशाना बनाया जाता था।
ट्रक की गति कम होते ही एक आरोपी रस्सी के सहारे ट्रक के ऊपर चढ़कर तिरपाल काटता और कृषि उपज को सड़क किनारे गिरा देता था। पीछे चल रहे साथी मोटरसाइकिल से सामान समेटकर ले जाते थे। चोरी की कृषि उपज को हाईवे से करीब 500 मीटर दूर खेत में बने मकान में छिपाकर रखा जाता था।
चार आरोपी गिरफ्तार, सात की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों में अमन पिता दीपू सिसोदिया (22), राहुल पिता गोरिया हाड़ा (30), निखिल पिता बबलू हाड़ा (23), सभी निवासी उखेड़िया, तथा सोनू पिता राजेन्द्र सिसोदिया (22), निवासी मेवासा, जिला रतलाम शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, अनीश हाड़ा, चिंटू हाड़ा, अमित हाड़ा, अभिषेक सिसोदिया, आशीष चौहान, राजकुमार राणावत और धर्मेंद्रसिंह सिसोदिया फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है और गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
जब्त मश्रुका
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में करीब ₹4,000 कीमत की 30 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की शराब, ₹40,000 का देशी कट्टा व 2 जिंदा राउंड, ₹1.05 लाख के 14 कट्टे लहसुन, ₹4.30 लाख के 13 कट्टे सरसों और ₹2.80 लाख कीमत की 4 बिना नंबर मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। कुल जब्त मश्रुका की कीमत करीब ₹8.59 लाख बताई गई है।
