कांकेर पुलिस ने सुलझाई चोरी की दो वारदातें, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार; 5 लाख से अधिक का सामान बरामद

0
823656749_1010366585358109_8220941762218285752_n

कांकेर। कांकेर पुलिस ने हल्बा चौकी और नरहरपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद किया गया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

चोरी का सामान बेचने ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, चोरी के मामलों की जांच के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक महिला और पुरुष आरोपी चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर हल्बा चौकी, नरहरपुर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने किलीपार और कुरालठेमली गांव में चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपियों से मिली जानकारी और साक्ष्यों के आधार पर चोरी की मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद कर जब्त किया गया।

सोने-चांदी के आभूषण और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चूड़ियां, कंचौरी और कान के आभूषण, चांदी की पायल, चोरी में इस्तेमाल TVS Sport मोटरसाइकिल और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये से अधिक है।

दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशील साहू (35), निवासी उरुकुड़ा, कांकेर और उषा देवांगन (30), निवासी सिलिढी, धमतरी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापसे) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के निर्देशन तथा पुलिस उपनिरीक्षक हरीश पाटिल की निगरानी में हल्बा चौकी, नरहरपुर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों