सेवा संकल्प अभियान: कांकेर पुलिस ने 250 विद्यार्थियों को सिखाए साइबर सुरक्षा और यातायात के नियम

0
828525955_1589340372918483_1947664988578938412_n

कांकेर। कांकेर पुलिस द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय शहीद गेंदसिंह महाविद्यालय, चारामा में साइबर जागृति कार्यक्रम एवं “यातायात की पाठशाला” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 250 विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में यातायात प्रभारी दीपक साव, थाना प्रभारी चारामा सुरेश कुमार राठौर तथा थाना स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

साइबर अपराध से बचने के बताए जरूरी तरीके

साइबर जागृति कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहने की समझाइश दी गई। पुलिस ने बताया कि OTP, पासवर्ड, बैंकिंग संबंधी जानकारी और निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।

इसके अलावा अनजान लिंक, संदिग्ध वेबसाइट और सोशल मीडिया पर अज्ञात लोगों से सावधान रहने की सलाह दी गई। विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, ब्लैकमेलिंग और साइबर स्टॉकिंग जैसे मामलों से बचाव के उपाय भी बताए गए।

पुलिस ने साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने और cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।

“यातायात की पाठशाला” में सड़क सुरक्षा का पाठ

कार्यक्रम के दूसरे हिस्से में “यातायात की पाठशाला” के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया।

विद्यार्थियों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही ट्रैफिक सिग्नल और सड़क संकेतों का पालन करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने के प्रति भी जागरूक किया गया।

सड़क सुरक्षा को प्रभावी तरीके से समझाने के लिए कार्यक्रम में प्रोजेक्टर और वीडियो के माध्यम से यातायात नियमों एवं सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश प्रस्तुत किए गए।

राहवीर योजना और डायल-112 की भी दी जानकारी

पुलिस ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की सहायता के लिए राहवीर योजना की जानकारी दी। इसके साथ ही किसी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए डायल-112 के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

कांकेर पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपील की कि वे साइबर अपराधों से सतर्क रहें, अपनी निजी एवं बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखें और सड़क पर हमेशा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों