कांकेर यातायात पुलिस की विशेष मुहिम: 30 से अधिक बसों पर कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 8 चालकों पर लगा जुर्माना
कांकेर। यातायात नियमों के उल्लंघन और सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण के खिलाफ कांकेर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में पिछले तीन दिनों से चल रही इस मुहिम के दौरान नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों और अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की गई।

30 से अधिक बसों पर कार्रवाई, 61,800 रुपये समन शुल्क वसूला
अभियान के दौरान प्रेशर हॉर्न, तेज गति और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 से अधिक बसों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनसे कुल 61,800 रुपये समन शुल्क वसूला गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर न्यायालयीन कार्रवाई
शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 8 वाहन चालकों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई की गई। न्यायालय द्वारा इन मामलों में कुल 80,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

मॉडिफाइड साइलेंसर और रंग-बिरंगी लाइट पर भी कार्रवाई
नियम विरुद्ध बहुरंगी लाइट लगाने और बिना नंबर प्लेट वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले 20 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इन मामलों में 16,200 रुपये समन शुल्क वसूला गया।

58 दुकानदारों और मकान मालिकों को नोटिस
सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर यातायात तथा आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले 58 दुकानदारों और मकान मालिकों को नोटिस जारी किया गया। पुलिस ने उन्हें अतिक्रमण हटाकर सड़क और फुटपाथ को बाधामुक्त रखने की सख्त हिदायत दी।

कांकेर यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने और सड़क को सभी के लिए सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुरक्षित जीवन के लिए यातायात नियमों का पालन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
