कांकेर पुलिस की नई पहल: पुलिस आरोग्य केंद्र, कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय शुरू, 222 पुलिसकर्मी डिजिटल रूप से प्रशिक्षित
कांकेर। पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, मानसिक सुदृढ़ता और कार्यकुशलता को मजबूत करने की दिशा में कांकेर पुलिस ने नई पहल शुरू की है। पुलिस रक्षित केंद्र कांकेर में एडीजी विवेकानंद सिन्हा और आईजी बद्रीनारायण मीना ने पुलिस आरोग्य केंद्र एवं कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों के अध्ययन और ज्ञानवर्धन के लिए पुलिस पुस्तकालय की सुविधा भी शुरू की गई।
पुलिसकर्मियों और परिवारजनों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
पुलिस आरोग्य केंद्र के माध्यम से पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। इसका उद्देश्य पुलिस बल के स्वास्थ्य और समग्र कल्याण को बेहतर बनाना है।

प्रोजेक्ट दक्ष से डिजिटल प्रशिक्षण
प्रोजेक्ट दक्ष के तहत पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल कार्यप्रणाली में दक्ष बनाने के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक 222 पुलिसकर्मी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। इसका उद्देश्य पुलिसिंग में तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल और कार्यकुशलता को बढ़ाना है।
मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन पर भी फोकस

पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन के लिए योग, मेडिटेशन और विशेषज्ञ काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 129 पुलिसकर्मियों की काउंसलिंग की जा चुकी है।
वहीं प्रोजेक्ट करुणा के माध्यम से नशे की आदत से प्रभावित पुलिसकर्मियों को परामर्श, उपचार और सहयोग प्रदान किया जा रहा है। वर्ष 2026 में अब तक 24 पुलिसकर्मियों को नशामुक्त कराया गया है।

पुलिस पुस्तकालय में मिलेगी अध्ययन सामग्री
पुलिस पुस्तकालय में पुलिसिंग, कानून, आपराधिक विधि, प्रतियोगी परीक्षाओं, सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इससे पुलिसकर्मियों को अपने ज्ञान और पेशेवर दक्षता को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कांकेर पुलिस के अनुसार, इन पहलों का उद्देश्य स्वस्थ, मानसिक रूप से सुदृढ़ और डिजिटल रूप से दक्ष पुलिस बल तैयार करना है, ताकि पुलिसकर्मियों के मनोबल और कार्यक्षमता को मजबूत करते हुए बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित की जा सके।
