ऑपरेशन निश्चय में गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 लाख से अधिक के गांजे के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार
गरियाबंद। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत गरियाबंद पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 91.592 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कुल कीमत 45 लाख 79 हजार 600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गरियाबंद थाना क्षेत्र में 67.842 किलो गांजा बरामद
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में अवैध गांजा, शराब और हीरे के परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 4 अक्टूबर 2026 को गरियाबंद थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि महेश बस क्रमांक सीजी 04 ईए 0634 में गांजा ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बस स्टैंड पहुंचकर गवाहों के समक्ष बस की तलाशी ली। बस की पिछली डिक्की में रखी पांच जूट की बोरियों में सात पैकेट मिले, जिनमें कुल 67.842 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 33 लाख 92 हजार 100 रुपये बताई गई।
मामले में पुलिस ने शमसुद्दीन, आशोक यदू और भजन धुरवा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गांजा भजन धुरवा से खरीदे जाने की जानकारी सामने आई। कार्रवाई के दौरान 137.300 किलोग्राम चावल, घटना में प्रयुक्त बस, करीब 1.50 लाख रुपये कीमत का ऑटो और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

मैनपुर में बस यात्री से 23.750 किलो गांजा जब्त
इसी क्रम में मैनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि देवभोग-रायपुर मार्ग पर चलने वाली बस में एक यात्री अपने पास गांजा लेकर रायपुर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मां शारदा बस को रोककर संदिग्ध यात्री की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान यात्री दामोदर मेहेर, निवासी नकटीगुड़ा, थाना जुनागढ़, जिला कालाहांडी, ओडिशा के सामान से नीले-सफेद रंग के कार्टन में रखे थर्माकोल आइस बॉक्स से दो पैकेट बरामद किए गए। इनमें कुल 23.750 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत 11 लाख 87 हजार 500 रुपये आंकी गई। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों मामलों में पुलिस ने धारा 20(बी)(II)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने सभी चार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गरियाबंद पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन निश्चय के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
