सूरजपुर में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, पलटे ट्रक से 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद; 1.19 करोड़ का माल जब्त

0
836221678_1571884548299738_3721126343066210318_n

सूरजपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घाटपेंडारी घाट में पलटे ट्रक से 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

प्लास्टिक दाने की आड़ में छिपाया गया था गांजा

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को चंदौरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घाटपेंडारी के मुख्य घाट पर UP 13 T 5497 नंबर का ट्रक पलट गया है। ट्रक का मालिक बताने वाला एक व्यक्ति क्रेन की मदद से वाहन को उठवा रहा था और सड़क पर बिखरे सामान, जिसमें प्लास्टिक दाने से भरे बोरे भी शामिल थे, को समेटकर कुछ दूरी पर गड्ढे में रखकर तिरपाल से ढक रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां क्षतिग्रस्त 12 चक्का टाटा ट्रक मिला। आसपास तलाशी लेने पर 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा प्लास्टिक दाने से भरे 19 बड़े बोरे और करीब 12 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त किया गया।

हाथरस से लखनऊ ले जाया जा रहा था गांजा

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार, पिता लक्ष्मण सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी इंद्रानगर खैरी रोड, थाना देहली गेट, जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ट्रक अलीगढ़ निवासी उसके साथी के नाम पर पंजीकृत है और इसमें हाथरस से प्लास्टिक दाने के साथ गांजा लोड कर लखनऊ ले जाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को घाटपेंडारी घाट के पास ट्रक पलट गया था। इसके बाद आरोपी बिखरे सामान के बीच गांजे को छिपाने का प्रयास कर रहा था। मामले में अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश और पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने बरामद गांजे के संबंध में NDPS Act की धारा 20(B) के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई में चंदौरा थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक शैलेश सिंह, भगवत दयाल पालकरा, आरक्षक अभय तिवारी, अवधेश कुशवाहा, सूरज पाटिल, विजय गुप्ता, कमलेश यादव, अमृतलाल जगत, अशोक कुमार और मनोज राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *