राजनांदगांव में अपहरण कर 5 लाख की फिरौती मांगने का आरोप, गांजा केस में फंसाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

0

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अपहरण कर गांजा के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते हुए 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में बसंतपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रार्थी को बीयर पिलाने के बहाने बुलाकर कार में बैठाया गया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसे झूठे गांजा केस में फंसाने की साजिश रची गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

बीयर पिलाने के बहाने बुलाकर कार में बैठाया

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि घटना वाले दिन शाम करीब 6:30 बजे विक्की पवार ने फोन कर दो बीयर लेकर भदौरिया चौक आने को कहा। प्रार्थी बीयर लेकर डॉमिनोज पिज्जा सेंटर के पास पहुंचा, जहां विक्की पवार अपने साथी नवीन साहू के साथ काले रंग की फॉर्च्यूनर कार में आया। इसके बाद प्रार्थी को कार में बैठाकर अमोरा तालाब से श्मशान घाट के पास स्थित सुनसान स्थान पर ले जाया गया।

खुद को साइबर पुलिस बताकर गांजा मिलने का किया दावा

बताया गया कि सुनसान स्थान पर विक्की पवार ने प्रार्थी के साथ बीयर पी और कुछ देर बाद वहां से चला गया। इसके बाद मोटरसाइकिल से सादे कपड़ों में दो युवक पहुंचे। उन्होंने खुद को साइबर पुलिस का कर्मचारी बताते हुए कार की तलाशी ली और कार में 20 किलो गांजा मिलने की झूठी बात कही। आरोप है कि युवकों ने प्रार्थी को गांजा के मामले में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की मांग की।

परिजनों को फोन कर मांगे ढाई लाख रुपये

धमकी से घबराए प्रार्थी ने अपने परिजनों को फोन कर 2 लाख 50 हजार रुपये लेकर आने को कहा। इसी बीच दोनों युवक मौके से चले गए। कुछ समय बाद परिजन वहां पहुंचे और प्रार्थी को लेकर थाना बसंतपुर गए, जहां शिकायत दर्ज कराई गई।

नवीन साहू गिरफ्तार, मोबाइल फोन जब्त

प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 351(2), 137(1)(ए), 127(2), 319(2), 140(3), 308(6), 3(5) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धाराओं 84 और 86(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नवीन साहू (27 वर्ष), पिता गणेश साहू, निवासी नंदई चौक, फिरंतिन मंदिर के सामने, हाल निवासी सृष्टि कॉलोनी गली नंबर 1, अटल आवास, थाना बसंतपुर, राजनांदगांव को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने विक्की पवार के कहने पर घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी

बसंतपुर पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *