विश्व रेडक्रॉस दिवस पर कोण्डागांव पुलिस बनी मानवता की मिसाल: जवानों ने किया रक्तदान, 20 यूनिट रक्त संग्रह

0

कोण्डागांव। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल कोण्डागांव में रेडक्रॉस सोसायटी शाखा द्वारा भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोण्डागांव पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल (भा.पु.से.) ने स्वयं रक्तदान कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मानव सेवा के इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उनके नेतृत्व में पुलिस बल ने “रक्तदान महादान” की भावना को साकार किया।

रक्तदान शिविर में कोण्डागांव पुलिस के 14 अधिकारी एवं कर्मचारी तथा आईटीबीपी 29वीं वाहिनी कोण्डागांव के 06 जवानों ने भाग लेते हुए कुल 20 यूनिट रक्त संग्रहित किया। शिविर में रक्तदाताओं को रेडक्रॉस सोसायटी शाखा द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीश्रीमाल ने कहा कि “रक्तदान जीवनदान है। समाज की सेवा में पुलिस हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती रही है और ऐसे अभियान लोगों को मानवता के प्रति जागरूक करते हैं।” उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए जिलेवासियों से भी अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की।

रेडक्रॉस सोसायटी कोण्डागांव के पदाधिकारियों ने पुलिस एवं आईटीबीपी के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी संयुक्त रूप से सामाजिक एवं जनहित कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

यह आयोजन जिले में रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सेवा, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों