इंदौर पुलिस ने 12 घंटे में खोजे लापता 2 मासूम बच्चे, संवेदनशील कार्रवाई से परिजनों को मिली राहत
इंदौर के थाना पंढरीनाथ पुलिस ने त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए गुम हुए 8 वर्षीय बालिका एवं 9 वर्षीय बालक को मात्र 12 घंटे के भीतर सुरक्षित तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सहायता और सघन सर्चिंग अभियान के जरिए दोनों बच्चों को सुरक्षित ट्रेस किया।
आज के समय में बच्चों के गुम होने के बाद अपहरण, मानव तस्करी, दुर्घटना, शोषण, बाल अपराध, भीख मंगवाने वाले गिरोहों के चंगुल में फंसने जैसी कई गंभीर आशंकाएं बनी रहती हैं। ऐसे में इंदौर पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई न केवल सराहनीय है बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का बड़ा संदेश भी देती है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी इनपुट जुटाए और लगातार सर्चिंग अभियान चलाया। पुलिस की सतर्कता और मेहनत के चलते दोनों बच्चों को सुरक्षित खोज लिया गया।
बच्चों के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और इंदौर पुलिस की संवेदनशील एवं मानवीय कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया।
इंदौर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या गुमशुदगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
