ऑपरेशन हमदर्द में जीआरपी की बड़ी पहल! 8वें दिन 32 बेसहारा लोगों का डिजिटल डोजियर तैयार, एक सप्ताह में 270 की पहचान
भोपाल। मध्यप्रदेश जीआरपी द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन हमदर्द’ के तहत निराश्रित, बेसहारा और लावारिस लोगों की पहचान एवं पुनर्वास का अभियान लगातार जारी है। अभियान के आठवें दिन 32 निराश्रित एवं बेसहारा लोगों का डिजिटल डोजियर तैयार किया गया, जिससे उनकी पहचान और पुनर्वास की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

जीआरपी के अनुसार, अभियान शुरू होने के बाद एक सप्ताह के भीतर 270 लोगों की पहचान कर उनका डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया गया है। इन लोगों की पहचान स्थापित कर उन्हें उनके परिजनों से मिलाने तथा आवश्यक पुनर्वास उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
डिजिटल डोजियर के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति का आवश्यक विवरण सुरक्षित किया जा रहा है, जिससे उनकी पहचान, सत्यापन और परिजनों तक पहुंच बनाने की प्रक्रिया तेज और पारदर्शी हो सके। यह पहल रेलवे परिसरों में रहने वाले निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मध्यप्रदेश जीआरपी ने बताया कि ऑपरेशन हमदर्द के तहत आगे भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक बेसहारा लोगों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित वातावरण, आवश्यक सहायता और परिवार से पुनर्मिलन का अवसर उपलब्ध कराया जा सके।
