गरियाबंद में गांजा तस्करी पर देवभोग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत दो गिरफ्तार; 12.05 लाख का मशरूका जब्त

0

गरियाबंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत देवभोग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजे का परिवहन कर रही सफेद रंग की ईको कार को जब्त कर एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे, कार और मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 12 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।

अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर पकड़ी गई ईको कार

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6:10 बजे उप निरीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम खूंटगांव चेक पोस्ट पर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130C में एमसीपी चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा के धरमगढ़ की ओर से छत्तीसगढ़ के देवभोग आ रही सफेद रंग की पुरानी ईको कार क्रमांक CG 25 N 8089 को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की में रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

बिलासपुर निवासी महिला-पुरुष गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने डिंडेश्वर पाण्डेय (25 वर्ष), पिता नंदकिशोर पाण्डेय, और सीता पाण्डेय (46 वर्ष), पति नंदकिशोर पाण्डेय, दोनों निवासी कालमीटांट, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर, छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की।

12.05 लाख रुपये का मशरूका जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अनुमानित 9 लाख रुपये कीमत का 18 किलो 100 ग्राम गांजा, करीब 3 लाख रुपये कीमत की ईको कार और 5 हजार रुपये कीमत का एक पुराना ओप्पो मोबाइल फोन जब्त किया। इस तरह कुल जब्ती का अनुमानित मूल्य 12 लाख 5 हजार रुपये है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ थाना देवभोग में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(b) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों