शेयर मार्केट में दोगुना मुनाफ़े का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार, अब तक 13 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

img_0520-1.jpg

बलौदाबाजार, छत्तीसगढ़ | 15 जुलाई 2025

शेयर मार्केट में निवेश कर दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में आज रायपुर पुलिस ने एक और आरोपी श्वेता अवसरिया, उम्र 37 वर्ष, निवासी न्यू चांगोरभाठा, महादेव नगर, थाना डी.डी. नगर, रायपुर को गिरफ्तार किया है।

आरोपी महिला के कब्जे से पुलिस ने दो बैंक पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड के साथ-साथ जमीन और सोने-चांदी के जेवरातों की खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। इससे एक दिन पहले ही पुलिस ने आरोपी के पति के पास से चार मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों की पांच पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, लेन-देन से संबंधित रजिस्टर, अन्य कागजात, सोने-चांदी के जेवरात और ₹9,71,000 की नकद राशि बरामद की थी।

@balodabazarpolicefb

अब तक की जांच में इस मामले में कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें एक शासकीय शिक्षक रामनारायण साहू भी शामिल है। पुलिस ने अभी तक चार अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी श्वेता अवसरिया और उसके गिरोह के सदस्य आम लोगों को शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक लाभ दिलाने का प्रलोभन देकर ठगी करते थे। पुलिस आमजन से अपील कर रही है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ भी इस तरह का आर्थिक धोखा हुआ है, तो वह बिना देरी किए नजदीकी थाने या डायल 112 पर संपर्क कर सूचना दें।

यह मामला न केवल आर्थिक अपराध का बड़ा उदाहरण है, बल्कि यह भी दिखाता है कि किस तरह से संगठित गिरोह आम लोगों की मेहनत की कमाई को निशाना बना रहे हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस ऐसे अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

हो सकता है आप चूक गए हों