122 लोगों को मिला खोया हुआ सहारा, पुलिस ने मोबाइल ढूंढ कर लौटाए
कोरबा पुलिस की साइबर टीम ने तकनीकी निगरानी और सीईआईआर पोर्टल की मदद से 122 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे। इस विशेष ऑपरेशन में 18.50 लाख रुपये की कीमत के मोबाइल फोन वापस दिलाए गए।
कोरबा: पुलिस की साइबर टीम ने तकनीकी सहयोग और सटीक निगरानी के बल पर 122 नागरिकों को उनके गुमशुदा मोबाइल फोन वापस दिलाए। यह सफलता “सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR)” पोर्टल की सहायता से चलाए गए एक विशेष ऑपरेशन के तहत हासिल हुई।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में एसपी कार्यालय के सभा कक्ष में एक कार्यक्रम आयोजित कर बरामद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे गए। इस विशेष अभियान को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री, और साइबर सेल प्रभारी विमल पाठक की निगरानी में अंजाम दिया गया।
मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 18.50 लाख रुपये आंकी गई है।
इस अभियान में उपनिरीक्षक अजय सोनवानी समेत कोरबा साइबर सेल की टीम का अहम योगदान रहा।
पुलिस ने जानकारी दी कि पिछले छह महीनों में साइबर सेल द्वारा करीब 200 मोबाइल फोन खोजकर संबंधित व्यक्तियों को लौटाए गए हैं। साथ ही नागरिकों को सलाह दी गई है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत सीईआईआर पोर्टल (https://www.ceir.gov.in) पर रिपोर्ट करें, ताकि जल्द कार्रवाई हो सके।
