छत्तीसगढ़ गृहमंत्री विजय शर्मा का सख्त निर्देश: अपराधियों में डर, जनता में भरोसा

0
vijay sharma

Photo courtesy X@vijaysharmacg

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने सरगुजा रेंज के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति का विस्तार से मूल्यांकन करते हुए पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अपराधियों के मन में भय और आम जनता के दिल में पुलिस के प्रति भरोसा कायम करना ही पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

गंभीर अपराधों पर कड़ी निगरानी
बैठक में गृहमंत्री ने निर्देश दिया कि गंभीर अपराधों के मामलों में दोष सिद्धि की दर बढ़ाने के लिए विशेष रणनीति अपनाई जाए। उन्होंने सभी जिलों में मामलों की नियमित, पारदर्शी और वैज्ञानिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, जांच में देरी न हो और हर मामले में समयबद्ध कार्रवाई हो, इस पर भी जोर दिया।

जनसंपर्क और पुलिसकर्मियों से संवाद
विजय शर्मा ने पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि वे अपने दफ्तर में आने वाले नागरिकों से समय पर मुलाकात करें और उनकी समस्याओं का समाधान करें। साथ ही अधीनस्थ पुलिसकर्मियों से भी संवाद बनाए रखें, ताकि उनकी आवश्यकताओं और चुनौतियों को समझा जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि जिले के कॉलेज और स्कूलों का हर महीने दौरा किया जाए, जिससे युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता और विश्वास बढ़े।

थानों में अनुशासन पर विशेष जोर
गृहमंत्री ने कहा कि थानों में अनुशासन बनाए रखने के लिए एसपी, एसएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारी साप्ताहिक परेड आयोजित करें। इससे पुलिस बल में अनुशासन और कार्यकुशलता बनी रहेगी। बैठक में दिए गए इन निर्देशों का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग को ज़मीनी स्तर पर मजबूत करना और अपराध पर सख्त अंकुश लगाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों