बालोद ट्रैफिक पुलिस ने आत्मानंद स्कूल में दिया ट्रैफिक व साइबर जागरूकता का संदेश
बालोद पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री देवांश सिंह राठौर एवं ट्रैफिक प्रभारी श्री रविशंकर पांडे के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस बालोद द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया।
आज स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, आमपारा में ट्रैफिक पुलिस टीम ने बच्चों को यातायात नियमों, सड़क दुर्घटनाओं के मुख्य कारणों और ट्रैफिक संकेतों की जानकारी दी। इस दौरान नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। पुलिस ने बताया कि यदि कोई नाबालिग बच्चा वाहन चलाते पाया जाता है, तो उसके अभिभावकों पर 25,000 रुपये का जुर्माना और तीन साल की सजा का प्रावधान मोटरयान अधिनियम में है।
स्कूल प्रबंधन और पालकों से अपील की गई कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें और स्वयं भी हमेशा ट्रैफिक नियमों का पालन करें। शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज गति से वाहन चलाने और बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के सफर करने से खुद की और दूसरों की जान खतरे में पड़ती है।

साइबर जागरूकता – डिजिटल युग में सुरक्षित रहने की सीख
कार्यक्रम में छात्रों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि मोबाइल की लत और गलत इस्तेमाल से किस तरह छात्र जीवन प्रभावित होता है। सोशल मीडिया अपराध, ऑनलाइन गेमिंग, अज्ञात लिंक पर क्लिक करना और ओटीपी शेयर करना कितना खतरनाक हो सकता है, इसकी जानकारी दी गई।
साथ ही बच्चों को मोबाइल का सीमित समय में अध्ययन एवं कौशल विकास के लिए प्रयोग करने, मजबूत पासवर्ड बनाने और व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई। छात्रों को यह भी बताया गया कि साइबर अपराध होने पर वे तुरंत 1930 नंबर पर कॉल कर सकते हैं या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
