गरियाबंद में नक्सल प्रभावित पुलिस कैंपों का एसपी वेदव्रत सिरमौर ने किया औचक निरीक्षण, ग्रामीणों से सीधा संवाद

0
29 dec 1.1

गरियाबंद:
गरियाबंद जिले में नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने नक्सल प्रभावित इलाकों में स्थित पुलिस कैंपों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और जवानों की कार्यस्थिति का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने चिंदौला, ओढ़ एवं कुल्हाड़ीघाट पुलिस कैंपों का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कैंपों में तैनात जवानों से संवाद कर उनकी दिनचर्या, भोजन, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जवानों को नियमित रूप से व्यायाम, योग और अनुशासन का पालन करने के निर्देश दिए तथा मनोबल बनाए रखने पर ज़ोर दिया।

निरीक्षण के पश्चात एसपी वेदव्रत सिरमौर ने चिंदौला, ओढ़, कुल्हाड़ीघाट और अमलोर गांवों के ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान बच्चों, महिलाओं और ग्राम प्रमुखों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया।

ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, स्कूल भवन, सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

एसपी सिरमौर ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ विकास भी उतना ही आवश्यक है और पुलिस प्रशासन जनता के सहयोग से शांति एवं विश्वास का वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों