शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करहीबाजार में साइबर व यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
करहीबाजार:
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करहीबाजार में पुलिस विभाग द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि वर्तमान समय में इंटरनेट, सोशल मीडिया और मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग हो रहा है, ऐसे में साइबर फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से संपर्क जैसे खतरों से सतर्क रहना बेहद आवश्यक है। पुलिस अधिकारियों ने सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज से कैसे बचा जाए और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी जाए।

इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें सड़क पार करते समय ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग, हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने के महत्व को समझाया गया। पुलिस ने बताया कि यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं में कमी आती है और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से संवाद कर उनके प्रश्नों का उत्तर भी दिया गया और उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकगण ने इस जागरूकता पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
