मर्दापाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तमिलनाडु से नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार
मर्दापाल (जिला कोंडागांव):
थाना मर्दापाल पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के गंभीर मामले में दो माह से फरार आरोपी को तमिलनाडु से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 14.10.2025 को पीड़िता के परिजन द्वारा थाना मर्दापाल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी 16 वर्ष 02 माह की नाबालिग बहन को एक अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर थाना मर्दापाल में गुम इंसान क्रमांक 10/2025 तथा अपराध क्रमांक 23/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा (IPS) के निर्देश पर नाबालिग की त्वरित खोज हेतु विशेष प्रयास किए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी श्री सतीश भार्गव के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से जांच की गई।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि नाबालिग को आखिरी बार निलन कोर्राम पिता लक्ष्मण कोर्राम, उम्र 18 वर्ष 05 माह, निवासी पाडेली डोंगरीपारा, थाना मर्दापाल के साथ देखा गया था। साइबर सेल की सहायता से आरोपी की लोकेशन मिकनाईकेनपट्टी – एम. कलाथुर रोड, तमिलनाडु में पाई गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया।
पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया गया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। उक्त तथ्यों के आधार पर आरोपी निलन कोर्राम को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय एफटीएससी पोक्सो न्यायालय, कोंडागांव में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मर्दापाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे मामलों में त्वरित, संवेदनशील एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
