50 लाख की MD ड्रग्स के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस चौकी माननखेड़ा थाना रिंगनोद की टीम ने कार्रवाई करते हुए 500 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में लगातार मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना रिंगनोद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मामले में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो पिकअप वाहन में कुछ लोग एमडी ड्रग्स लेकर मंदसौर की ओर से आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने माननखेड़ा चौकी के पास फोरलेन सड़क पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और जांच की।
तलाशी के दौरान वाहन में सवार तीन आरोपियों के कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित बैरागी, प्रकाश गुर्जर और रिहान खान के रूप में हुई है, जो मंदसौर जिले के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त किया है। जब्त किए गए कुल माल की कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही है और अधिकारियों ने पूरी टीम की प्रशंसा की है।
